अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार (3 जनवरी 2026) को दुनिया को चौंकाते हुए ऐलान किया है कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी बीवी को पकड़ लिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर बताया कि मादुरो अब उनके कब्जे में हैं और उन्हें हवाई मार्ग से वेनेजुएला से बाहर ले जाया जा रहा है।
ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ एक बड़े पैमाने पर सैन्य हमला किया है, जिसे अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से अंजाम दिया गया। इससे पहले शनिवार (3 जनवरी 2026) तड़के करीब 2 बजे वेनेजुएला की राजधानी काराकस धमाकों की आवाज से दहल उठी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेंटागन के निर्देश पर अमेरिकी वायुसेना ने काराकस में कम से कम सात जगहों पर ताबड़तोड़ बमबारी की।
इस हमले में काराकस स्थित मुख्य नेवी बेस और कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। ‘स्काई न्यूज अरबिया’ के अनुसार, हवाई हमलों में वेनेजुएला के रक्षा मंत्री का घर भी पूरी तरह तबाह हो गया है। शहर में कई जगहों पर धुएँ के गुबार देखे गए और भारी तबाही की खबर है।
वेनेजुएला सरकार ने इन हमलों की पुष्टि करते हुए इसे सीधे तौर पर अमेरिकी सैन्य हमला करार दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस पूरे ऑपरेशन और मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर वे आज सुबह 11 बजे (अमेरिकी समयानुसार) अपने मार-ए-लागो आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

