अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर बाल-बाल बच गए हैं। जब व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ आयोजित डिनर कार्यक्रम के दौरान अचानक एक शख्स ने कमरे के बाहर अचानक फायरिंग कर दी जिसके बाद ट्रंप को बाहर निकाला गया है। यह कार्यक्रम वॉशिंगटन हिल्टन होटल में चल रहा था।
फायरिंग की आवाज के बीच सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स तुरंत हरकत में आए और राष्ट्रपति ट्रंप को कड़े सुरक्षा घेरे में लेकर कार्यक्रम स्थल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल पूरे इलाके को सील कर दिया। घटना के समय अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ट्रंप कैबिनेट के कई वरिष्ठ सदस्य भी वहाँ मौजूद थे और उन्हें भी एहतियातन तुरंत बाहर ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
TRUMP RUSHED FROM STAGE AS SHOTS RING OUT
— RT (@RT_com) April 26, 2026
SHOOTER KILLED pic.twitter.com/ZZ4elIocQ6
ट्रंप ने हमलावर की एक तस्वीर भी अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर शेयर की है। हमलावर की पहचान 31 साल के कोल टॉमस ऐलन के रूप में हुई है और वो कैलिफॉर्निया का रहने वाला बताया जा रहा है। हमलावर ने एक सीक्रेट सर्विस एजेंट को भी गोली मारी है। हालाँकि, एजेंट ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी थी और एजेंट की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने डिनर का कार्यक्रम रद्द कर दिया है और उनका कहना है कि जल्द ही फिर से इसका आयोजन किया जाएगा। घटना के बाद ट्रंप ने मीडिया को संबोधित भी किया है।
ट्रंप ने कहा कि इस घटना ने लोगों को एकजुट किया है। उन्होंने कहा, “यह कार्यक्रम अभिव्यक्ति की आजादी के लिए था, जिसमें सभी पार्टियों और मीडिया के लोग एक साथ आए थे।” उन्होंने सभी अमेरिकियों से अपील की कि वे आपसी मतभेद शांति से सुलझाएँ। उन्होंने कहा, “मैं सभी से कहता हूँ कि दिल से एकजुट हों और अपने मतभेद शांति से खत्म करें। वहाँ रिपब्लिकन, डेमोक्रेट, निर्दलीय, कंजरवेटिव, लिबरल और प्रोग्रेसिव सब लोग थे।”
ट्रंप ने बताया कि इस घटना में शामिल संदिग्ध को पकड़ लिया गया है। उन्होंने कहा कि जाँच एजेंसियां कैलिफोर्निया में उसके घर की भी जाँच कर रही हैं। उन्होंने कहा, “उसे पकड़ लिया गया है। वे उसके घर जा रहे हैं। वह कैलिफोर्निया में रहता है और बहुत बीमार सोच का व्यक्ति है। हम नहीं चाहते कि ऐसी घटनाएँ हों।”
राष्ट्रपति ने बताया कि वह व्यक्ति कई हथियारों के साथ सुरक्षा चेकपॉइंट की तरफ दौड़ा था लेकिन सीक्रेट सर्विस के बहादुर जवानों ने उसे वहीं रोक लिया। ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने उस सीक्रेट सर्विस एजेंट से बात की जिसे इस दौरान गोली लगी थी। उन्होंने कहा कि एजेंट को बहुत करीब से और ताकतवर बंदूक से गोली मारी गई लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से वह सुरक्षित है और उसकी हालत ठीक है।

