फिर चालू हुआ ट्रंप का ‘सीजफायर राग’, इस बार जेट्स गिरने पर भी किया दावा: भारत खारिज कर चुका है मध्यस्थता के दावे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (18 जुलाई 2025) को एक बार फिर दावा किया कि मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान 5 फाइटर जेट गिराए गए और उनकी दखल से ही युद्ध रुका।

व्हाइट हाउस में एक डिनर के दौरान ट्रंप ने कहा, “भारत-पाक एक-दूसरे पर हमले कर रहे थे। स्थिति बिगड़ती जा रही थी, लेकिन हमने ट्रेड डील का दबाव डालकर मामला सुलझाया।” लेकिन ट्रंप ने नहीं बताया कि कौन-से देश के कितने जेट गिरे थे।

हालाँकि, भारत पहले ही ट्रंप के दावे को खारिज कर चुका है। भारत ने कहा कि सीजफायर का फैसला दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीधे बातचीत से हुआ था, न कि अमेरिका की मध्यस्थता से।

भारत ने 7 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। इसके बाद चार दिन तक संघर्ष चला और 10 मई 2025 को सीजफायर पर सहमति बनी।