पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में दुर्गा पूजा की थीम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सागरद्वीप इलाके की चकफुलदुबी बाजार की सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति को अपना पंडाल बीच में ही बंद करना पड़ा है। प्रशासन ने उनके ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर आपत्ति जताई थी, जिसके कारण समिति को यह आयोजन रोकना पड़ा।
प्रशासन के इस कदम से पूजा समिति बहुत नाराज है। उन्होंने राज्य सरकार से मिलने वाला ₹1.10 लाख का सालाना अनुदान वापस करने का फैसला किया है। समिति ने साफ कहा कि जब उन्हें अपनी श्रद्धा और सोच के हिसाब से पूजा करने की आजादी नहीं है, तो वे सरकारी मदद नहीं लेंगे।
बीजेपी ने जताई कड़ी आपत्ति
इस विवाद पर बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह तय करने का कोई अधिकार नहीं है कि दुर्गा पूजा की थीम क्या होगी। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारतीय सेना का गौरव बताया और माँग की कि इस पर आपत्ति जताने वाले अधिकारियों पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।
इस बीच, कोलकाता की प्रसिद्ध संतोष मित्रा स्क्वायर पूजा समिति ने भी इस साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ही अपनी थीम बनाया है। इस पूजा के आयोजक BJP पार्षद सजल घोष हैं। सजल घोष ने भी आरोप लगाया है कि उन्हें भी इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

