‘वेटिकन सिटी’ की थीम पर राँची में बनाया गया दुर्गा पूजा पंडाल, ईसा मसीह की मूर्ति-क्रॉस लगाने पर मचा बवाल: VHP का दावा- धर्मांतरण को मिलेगा बढ़ावा

झारखंड की राँची के रातू रोड पर आरआर स्पोर्टिंग क्लब द्वारा बनाए गए दुर्गा पूजा पंडाल की ‘वेटिकन सिटी’ थीम को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने आपत्ति जताई है। VHP का आरोप है कि यह हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और धर्मांतरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है।

पंडाल में ईसा मसीह की मूर्तियाँ, क्रॉस और चर्च जैसी संरचनाएँ शामिल हैं। VHP के झारखंड-बिहार क्षेत्र मंत्री डॉ बिरेंद्र साहू ने कहा कि माता दुर्गा का स्थान मंदिर है, चर्च में नहीं।

उन्होंने आयोजकों से अपील की कि पंडाल में माँ दुर्गा को मंदिर जैसी संरचना में स्थापित किया जाए और सभी कमियों को दूर किया जाए। VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी कहा कि पंडाल में ईसाई धार्मिक प्रतीक रखने से हिंदू भावनाएँ आहत होती हैं और जल्द ही कड़ा निर्णय लिया जाएगा।

आयोजन समिति ने कहा कि वे भी सनातनी हैं और पंडाल को 2022 में कोलकाता में बने पंडाल के तर्ज पर बनाया गया है। समिति ने धर्म का आदर जताते हुए बताया कि यह पहली बार ऐसा नहीं किया गया है। पंडाल की लागत लगभग 85 लाख रुपए है और इसे ‘वेटिकन सिटी की झलक’ के रूप में प्रचारित किया गया है। प्रशासन और समुदाय के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश जारी है।