अफगानिस्तान में भूकंप ने फिर मचाई तबाही, 7 की मौत और 150+ घायल: ऐतिहासिक मजार-ए-शरीफ दरगाह को भी पहुँचा नुकसान

अफगानिस्तान के उत्तरी शहर मजार-ए-शरीफ में सोमवार (3 नवंबर 2025) तड़के आए 6.3 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। रॉयटर्स ने स्थानीय प्रशासन के हवाले से बताया है कि इसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 150 लोग घायल हुए हैं।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मजार-ए-शरीफ के पास 28 किलोमीटर (लगभग 17.4 मील) की गहराई में था। यह शहर उत्तरी अफगानिस्तान का प्रमुख केंद्र है और यहां की जनसंख्या करीब 5.23 लाख है।

समनगान प्रांत के स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता समीम जॉयंदा ने बताया, “अब तक 150 लोगों के घायल होने और 7 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। सभी को आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है।” उन्होंने बताया कि यह आँकड़े सोमवार सुबह तक अस्पतालों से मिली रिपोर्टों पर आधारित हैं।

USGS ने अपने PAGER सिस्टम के तहत ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। यह एक स्वचालित प्रणाली है जो भूकंप के प्रभाव और संभावित नुकसान का आकलन करती है। इस अलर्ट का मतलब है कि भारी जनहानि और व्यापक तबाही की आशंका है, जिसके लिए राष्ट्रीय या क्षेत्रीय स्तर की आपात प्रतिक्रिया की आवश्यकता पड़ सकती है।

बाल्ख प्रांत के प्रवक्ता हाजी जैद ने बताया कि भूकंप के झटकों से मजार-ए-शरीफ स्थित हजरत अली की ऐतिहासिक दरगाह को भी नुकसान पहुँचा है। इसे दुनिया भर में अपने नीले रंग के लिए जाना जाता है।