दिल्ली ब्लास्ट से जुड़ी अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर ED का एक्शन, ₹140 करोड़ की संपत्तियाँ अटैच: जवाद सिद्दीकी के खिलाफ चार्जशीट दायर

दिल्ली में लाल किले के बाहर हुए ब्लास्ट से जुड़ी फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कड़ी कारर्वाई की है। ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ी करीब 140 करोड़ रुपए की संपत्तियों को अटैच कर लिया है। इसके साथ ही अल-फलाह ग्रुप के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी और उनसे जुड़े ट्रस्ट के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED की ओर से अटैच की गई संपत्तियों में फरीदाबाद के धौज इलाके में स्थित लगभग 54 एकड़ जमीन, यूनिवर्सिटी की मुख्य इमारत, विभिन्न शैक्षणिक विभागों और स्कूलों की बिल्डिंग्स के साथ-साथ हॉस्टल परिसर भी शामिल हैं। ये सभी संपत्तियाँ अल-फलाह ट्रस्ट के नाम दर्ज हैं, जिन्हें एजेंसी ने अपराध से अर्जित आय (Proceeds of Crime) मानते हुए जब्त किया है।

अल-फलाह यूनिवर्सिटी इससे पहले भी जाँच एजेंसियों के रडार पर आ चुकी है। यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉक्टर डॉ. उमर उन नबी ने 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास चलती कार में खुद को उड़ा लिया था। जिसमें दर्जनों लोगों की मौत हुई थी। व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल से जुड़े मामले की जाँच के दौरान इसका नाम सामने आया। इस प्रकरण में NIA और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डॉ. मुजम्मिल, डॉ. शाहीन सईद सहित 10 से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

जाँच एजेंसियों ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी को कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े संभावित केंद्र के रूप में देखते हुए गहन जाँच शुरू की थी। फिलहाल, इस मामले में ED, NIA और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की जाँच जारी है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।