रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ ED ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट, UK हथियार डीलर संजय भंडारी केस से जुड़ा मामला

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कॉन्ग्रेस सांसद प्रियंका गाँधी वाड्रा के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला यूके (UK) के हथियार डीलर संजय भंडारी से जुड़ा हुआ है।

ED ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में यह चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला ब्रिटेन में संपत्ति खरीदने और उसमें मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से संबंधित है, जिसके तार भगोड़े हथियार डीलर संजय भंडारी से जुड़े हुए हैं।

ED ने इस साल जुलाई में PMLA (धन शोधन निवारण अधिनियम) के तहत रॉबर्ट वाड्रा का बयान दर्ज किया था। अब चार्जशीट में उनका नाम आने से मामले में उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

कौन हैं रॉबर्ट वाड्रा- असम CM

इस मामले पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का बड़ा बयान आया है। पटना में उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा का नाम आने पर कहा, “रॉबर्ट वाड्रा कौन हैं? क्या वह कोई सांसद या विधायक हैं? क्या अब हमें राहुल गाँधी के जीजा का पीछा करना पड़ेगा?”

ईडी की कार्रवाई के बाद इस केस में आगे की सुनवाई राउज एवेन्यू कोर्ट में होगी।