ED की रडार पर आए केरल के CM पिनराई विजयन, ₹466 करोड़ की गड़बड़ी को लेकर भेजा नोटिस: मसाला बॉन्ड फंड के गलत इस्तेमाल का आरोप

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के लिए परेशानियाँ बढ़ती दिखाई दे रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने केरल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड (KIIFB) और इसके वरिष्ठ अधिकारियों को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) का उल्लंघन करने के आरोप में नोटिस जारी किया है।२

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला लगभग 466.91 करोड़ रुपए की कथित अनियमितता से जुड़ा बताया जा रहा है। चूँकि KIIFB के चेयरमैन खुद पिनराई विजयन हैं, इसलिए मामले का राजनीतिक महत्व भी बढ़ गया है।

मामला KIIFB द्वारा लंदन और सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज में जारी किए गए मसाला बॉन्ड से शुरू हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, संस्था ने इस माध्यम से करीब 2,672.80 करोड़ रुपए जुटाए थे। यह फंड External Commercial Borrowings (ECB) की श्रेणी में आता है।

ED का दावा है कि इस राशि में से लगभग 466 करोड़ रुपए का इस्तेमाल जमीन खरीदने के लिए किया गया जबकि RBI के नियम साफ तौर पर कहते हैं कि मसाला बॉन्ड से हासिल धनराशि जमीन या संपत्ति खरीद में उपयोग नहीं की जा सकती।