₹500 कमाने वाले Rapido बाइक ड्राइवर के खाते में मिले ₹331 करोड़, अकाउंट से निकाले करोड़ों कॉन्ग्रेस नेता के बेटे की शादी में हुए खर्च: ED कर रही लेन-देन की जाँच

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े मनी लॉन्ड्रिंग का खुलासा किया है। दिल्ली में एक रैपिडो बाइक टैक्सी ड्राइवर के बैंक खाते में ₹331.36 करोड़ का चौंकाने वाला लेनदेन मिला है। यह ड्राइवर मुश्किल से 500-600 रुपए रोज कमाता है और एक छोटे से दो कमरे के घर में रहता है।

जानकारी के अनुसार, ED ने पाया कि यह खाता ‘म्यूल अकाउंट’ के तौर पर इस्तेमाल हो रहा था। इसमें अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 के बीच करोड़ों रुपए जमा किए गए। इस पैसे का संबंध 1xBet नामक ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से है।

जाँच में पता चला कि इसी खाते से उदयपुर के एक पाँच सितारा होटल में हुई एक आलीशान शादी पर भी ₹1 करोड़ से ज़्यादा खर्च किया गया था। यह शादी गुजरात के एक युवा राजनेता से जुड़ी थी, जिसे अब ED पूछताछ के लिए बुला सकती है। ED अब यह जाँच कर रही है कि यह खाता कौन चला रहा था और इतनी बड़ी रकम कैसे ट्रांसफर हुई।