कोलकाता में ED की बड़ी कार्रवाई, डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास के घर छापेमारी: रंगदारी-सिंडिकेट और मनी लॉन्ड्रिंग कनेक्शन की जाँच तेज

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच कोलकाता से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के घर छापेमारी की है। रविवार (19 अप्रैल 2026) की सुबह करीब 6 बजे ED की टीम ने कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास के बालीगंज स्थित फर्न रोड फ्लैट पर छापा मारा।

टीम के पहुँचते ही अधिकारी से पूछताछ शुरू कर दी गई। शांतनु सिन्हा बिस्वास पहले कालीघाट पुलिस स्टेशन के इंचार्ज रह चुके हैं और उनके उसी कार्यकाल को भी जाँच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों का मानना है कि उस दौरान हुए वित्तीय लेन-देन और गतिविधियों की पड़ताल इस मामले में अहम कड़ी साबित हो सकती है।

रंगदारी-सिंडिकेट और मनी लॉन्ड्रिंग कनेक्शन की जाँच

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ED की जाँच रंगदारी और सिंडिकेट रैकेट से जुड़े एक बड़े नेटवर्क पर केंद्रित है। एजेंसी को शक है कि ‘सोनापप्पू’ जैसे अपराधियों के जरिए वसूली और अवैध कमाई का एक हिस्सा कथित तौर पर डिप्टी कमिश्नर तक पहुँचता था। इसी एंगल से मनी लॉन्ड्रिंग की जाँच की जा रही है।

इस कार्रवाई का दायरा सिर्फ एक अधिकारी तक सीमित नहीं है। इसी मामले में बेहाला स्थित सन एंटरप्राइज के एमडी जॉय कामदार के घर पर भी तलाशी ली गई है। इससे संकेत मिलते हैं कि जाँच एजेंसियाँ पुलिस, अपराध जगत और कॉर्पोरेट कनेक्शन के बीच संभावित आर्थिक नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

गौरतलब है कि शांतनु सिन्हा बिस्वास पहले भी जाँच एजेंसियों के रडार पर रह चुके हैं। कोयला तस्करी मामले में उनसे पहले दिल्ली में पूछताछ की जा चुकी है।