केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के 10 ठिकानों पर बुधवार (27 मई 2026) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई उनकी बेटी की IT कंपनी एख्सालॉजिक सॉल्यूशंस से जुड़े कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जाँच टीम पिनराई विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित किराए के घर पर भी पहुँची। यह छापेमारी केरल हाई कोर्ट के आदेश के अगले दिन की गई, जिसमें कोर्ट ने CRML मामले में ED की जाँच को रद्द करने से इनकार का फैसला सुनाया था।
मामले में आरोप है कि CMRL ने 2018 से 2019 के बीच पिनराई विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी एक्सॉलॉजिक सॉल्यूशंस को ₹1.72 करोड़ का भुगतान किया था, लेकिन इसके बदले IT कंपनी ने CMRL को कोई सेवा नहीं दी। आरोप है कि इन पैसे का इस्तेमाल फर्जी खर्च के तौर पर किया गया। इस मामले में ED ने 2024 में आरोपों की जाँच के लिए PMLA के तहत केस फाइल किया था।
पिनराई विजयन के ठिकानों पर छापेमारी के बाद CPI(M) के महासचिव एमए बेबी ने दावा किया कि यह मौजूदा कॉन्ग्रेस नेतृत्व वाली सरकार का ‘घिनौना हमला’ है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में वीडी सतीशन की कैबिनेट के दो सदस्य भी शामिल हैं, जिन्होनें मनी लॉन्ड्रिंग का पैसा लिया था।

