भारत में स्टारलिंक लॉन्च को लेकर उत्साहित एलन मस्क, बोले- आपदा के समय फ्री इंटरनेट देगा हाई-स्पीड सैटेलाइट नेटवर्क: जानें कितनी हो सकती है कीमत?

अमेरिकी अरबपति और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क भारत में अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक लॉन्च करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि स्टारलिंक भारत को कम लागत वाला और भरोसेमंद इंटरनेट दे सकता है।

पॉडकास्ट में निखिल कामथ से बात करते हुए एलन मस्क ने कहा कि स्टारलिंक की ताकत इसके हजारों लो-अर्थ-ऑर्बिट सैटेलाइट हैं। ये सैटेलाइट हाई-स्पीड, लो-लेटेंसी कनेक्टिविटी देते हैं। मस्क ने बताया कि सैटेलाइट के बीच लेजर लिंक हैं, जो केबल कटने पर भी कनेक्टिविटी बनाए रखते हैं।

स्टारलिंक की इंडिया में कीमत

स्टारलिंक इंटरनेट सेवा भारत में थोड़ी महँगी हो सकती है। इसे शुरू करने के लिए आपको एक बार में लगभग ₹30,000 से ₹35,000 तक का सेटअप शुल्क देना पड़ सकता है। इसके बाद, इसका मासिक प्लान ₹3,000 से लेकर ₹4,200 तक हो सकता है।

यह कीमत आपकी जगह और उपयोग पर निर्भर करेगी। ऊँची कीमतों के कारण, स्टारलिंक को एक प्रीमियम सेवा माना जा रहा है, जो शायद उन लोगों के लिए होगी जो अच्छी इंटरनेट क्वालिटी के लिए ज्यादा खर्च कर सकते हैं।

आपदा में भी हाई-स्पीड इंटरनेट

मस्क ने स्पष्ट किया कि भौतिकी के नियमों के कारण स्टारलिंक घनी आबादी वाले शहरों के सभी हिस्सों को सेवा नहीं दे पाएगा। यह केवल शहर के लगभग 1% या 2% को ही सर्विस दे सकता है। यह सेवा आपदाग्रस्त इलाकों के लिए विशेष रूप से मददगार होगी।

मस्क ने बताया कि प्राकृतिक आपदा, जैसे बाढ़ या भूकंप में, जब जमीनी इंफ्रास्ट्रक्चर टूट जाता है, तब भी स्टारलिंक काम करता रहेगा। उन्होंने कहा, “आपदा के हालात में, स्टारलिंक फ्री इंटरनेट देता है।” उन्होंने हाल ही में रेड सी केबल कट का उदाहरण दिया, जहाँ स्टारलिंक बिना रुकावट के काम करता रहा।