अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा जारी की गईं एपस्टीन फाइल्स में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ा एक अहम दस्तावेज सामने आया है। अदालत के इस दस्तावेज में दावा किया गया है कि 1990 के दशक में कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन ने फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो में तत्कालीन कारोबारी डोनाल्ड ट्रंप से एक 14 वर्षीय लड़की की मुलाकात कराई थी।
BBC की रिपोर्ट में एक दस्तावेज के हवाले से कहा गया है, इस कथित मुलाकात के दौरान एपस्टीन ने ट्रंप को कोहनी मारते हुए लड़की की ओर इशारा किया और मजाकिया लहजे में कहा, “यह अच्छी है, है न?” अदालत में दाखिल कागजात में दावा किया गया है कि इस पर ट्रंप मुस्कुराए और सहमति में सिर हिलाया।
कोर्ट दस्तावेजों में यह भी कहा गया है कि उस समय ‘दोनों हँसे’ जबकि लड़की को असहज महसूस हुआ लेकिन वह ‘उस समय बहुत छोटी थी और यह समझ नहीं पाई कि उसे असहज क्यों लग रहा था’।
यह मामला वर्ष 2020 में जेफ्री एपस्टीन की संपत्ति और गिस्लेन मैक्सवेल के खिलाफ दायर एक मुकदमे से जुड़ा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे वर्षों तक एपस्टीन द्वारा ग्रूम किया गया और उसका यौन शोषण किया गया।
हालाँकि, इस मामले में डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ कोई सीधा आरोप नहीं लगाया गया है। अब तक एपस्टीन की पीड़िताओं द्वारा भी ट्रंप के खिलाफ किसी तरह के आरोप नहीं लगाए गए हैं।
डोनाल्ड ट्रंप पहले सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार कर चुके हैं कि वह कई वर्षों तक एपस्टीन के मित्र थे। हालाँकि, उनका कहना है कि दोनों के बीच वर्ष 2004 के आसपास संबंध टूट गए थे। ट्रंप लगातार एपस्टीन से जुड़े किसी भी प्रकार के गलत काम में अपनी संलिप्तता से इनकार करते रहे हैं।

