बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले के भालुका उपजिले में गुरुवार (18 दिसंबर 2025) की रात कथित तौर पर ईशनिंदा के आरोप में एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद हमलावरों ने शव को एक पेड़ से बाँध दिया और उसमें आग लगा दी।
यह घटना भालुका के दुबालिया पाड़ा इलाके में स्क्वायर मास्टर बाड़ी के पास हुई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था और इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भालुका थाना के ड्यूटी ऑफिसर रिपन मिया ने बताया कि गुरुवार (18 दिसंबर 2025) की रात करीब 9 बजे कथित तौर पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गुस्साई भीड़ ने दीपू को पकड़ लिया।
इसके बाद भीड़ ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद हमलावरों ने शव को एक पेड़ से बाँध दिया और उसमें आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

