Saturday, December 28, 2024

आबूधाबी से आ रही फ्लाइट में फजल मोहम्मद टॉयलेट गया, वहाँ जमकर फूँकी सिगरेट: मुंबई पुलिस ने दर्ज किया केस

मुंबई की सहार पुलिस ने आबूधाबी की यात्रा के दौरान इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में सिगरेट पीने वाले एक यात्री के खिलाफ FIR दर्ज की है। 26 वर्षीय आरोपित का नाम फ़ज़ल मोहम्मद ओट्टापिलाकुल है। फ़ज़ल केरल का रहने वाला है और अबूधाबी से लौट रहा था। उस पर विमान अधिनियम 1937 के तहत कार्रवाई की गई है।

मामले में शिकायतकर्ता 32 वर्षीय निमेश हैं। वह इंडिगो एयरलाइंस में सीनियर सिक्योरिटी एक्सक्यूटिव हैं। निमेश के मुताबिक, बुधवार (25 दिसंबर 2024) की सुबह आबूधाबी से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट में फ़ज़ल मोहम्मद ओट्टा सीट नंबर 31 पर बैठा था। सफर के दौरान वह शौचालय गया। जब वह लौटा तो शौचालय से धुएँ की गंध आ रही थी।

फ्लाइट अटेंडेंट प्रतिमा ने जाकर जाँच की तो वहाँ सिगरेट के टुकड़े पाए गए। विमान में धूम्रपान वर्जित है। फ़ज़ल मोहम्मद ने शौचालय में सिगरेट पीना कबूल कर लिया है। उसने कहा कि उसे नहीं पता था कि फ्लाइट में सिगरेट पीने की अनुमति नहीं है। मुंबई में फ्लाइट लैंड होने के बाद फ़ज़ल को सहार पुलिस के हवाले कर दिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 सिगरेट बरामद हुईं।