फिल्म ‘सैयारा’ से नेशनल क्रश बनीं एक्ट्रेस अनीत पड्डा एक पुराने वीडियो को लेकर विवादों में आ गई हैं। इस वीडियो में वह मशहूर उर्दू ‘लब पे आती है दुआ’ को एक गाने के अंदाज में गा रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इस्लामी कट्टरपंथियों ने अनीत पर भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है। लेकिन सोचने वाली बात ये है कि क्या वाकई अनीत पड्डा को इस गाने का असल मतलब पता था या नहीं।
नादानी में फँसी एक्ट्रेस
दरअसल, वायरल वीडियो में अनीत पड्डा अपनी बगल में खड़ी एक दोस्त के साथ यह नज्म ‘लब पे आती है दुआ’ रैप करती हुई नजर आ रही हैं। अनीत पड्डा पर इस्लामी कट्टरपंथियों ने मुख्य आरोप लगाया है कि उन्होंने एक पवित्र प्रार्थना को हल्के-फुल्के ढंग से प्रस्तुत करके उसकी गरिमा भंग की है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने एक्ट्रेस को ‘शर्म आनी चाहिए’ जैसी बातें कही हैं। एक यूजर ने यहाँ तक पूछा कि ‘दुनिया में गाने कम पड़ रहे थे क्या?’
इन सारी आलोचनाओं के बावजूद, अनीत पड्डा के फैंस उनके बचाव में उतरे हैं। फैंस का कहना है कि एक्ट्रेस का इरादा किसी की भावनाओं को दुख पहुँचाना नहीं था। उनका कहना है कि वह बस मस्ती कर रही थीं। एक फैन ने लिखा कि वह किसी मुस्लिम प्रार्थना का मजाक नहीं उड़ा रही हैं। यह तो मुहम्मद इकबाल की लिखी ‘बच्चे की दुआ’ है, जो एक तरह की शायरी है और कई स्कूलों में प्रार्थना के तौर पर इस्तेमाल होती है। दूसरे फैंस ने भी सवाल किया, ‘मजाक कहाँ उड़ाया? क्या वह मजे भी नहीं कर सकती?’ फैंस ने लोगों से अपील की है कि वे गुमराह न हों और एक्ट्रेस के खिलाफ नफरत न फैलाएँ।

