साउथ इंडस्ट्री के फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली को भगवान हनुमान पर टिप्पणी करने को लेकर FIR दर्ज की गई है। दिल्ली में हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु सेना और हैदराबाद में राष्ट्रीय वन सेना के सदस्यों ने एसएस राजामौली के खिलाफ शिकायत की है। शिकायत में हिंदू संगठन ने कहा कि इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचा है।
बता दें कि एसएस राजामौली के हिंदू-विरोधी बयान देने के बाद उनकी सोशल मीडिया पर भी आलोचना की गई थी। दरअसल, एसएस राजामौली ने अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ के इवेंट में तकनीकी खराबी को भगवान से जोड़ते हुए कहा था, मैं भगवान में विश्वास नहीं करता। लेकिन मेरे पिता आए और कहा कि भगवान हनुमान सब कुछ संभाल लेंगे। क्या वो ऐसे संभालते हैं? मुझे बस यही सोचकर गुस्सा आ रहा है।”
उनकी इस टिप्पणी पर विवाद शुरू हो गया। हालाँकि, अब तक एसएस राजामौली का कोई बयान सामने नहीं आया है। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब एसएस राजामौली ने हिंदू भगवान पर कोई टिप्पणी की है। उनका साल 2011 का पुराना ट्वीट भी अब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने लिखा था कि उन्हें भगवान राम कभी पसंद नहीं थे और उनकी जगह उन्हें भगवान श्रीकृष्ण ज्यादा पसंद थे।
उल्लेखनीय है कि एसएस राजामौली अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में होंगे। फिल्म साल 2027 में रिलीज होगी। एसएस राजामौली को RRR और बाहुबली जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बनाने के लिए दुनियाभर में जाना जाता है।

