मध्य प्रदेश के खंडवा में शुक्रवार (27 दिसंबर 2024) को 500 साल पुराने एक प्राचीन श्रीराम मंदिर में संदिग्ध हालातों में आग लग गई। पूरा मंदिर लकड़ी से बना हुआ था। इस मंदिर में भगवान राम की मूँछों वाली मूर्ति है और उनकी राजा के रूप पूजा होती है। लोगों ने आग बुझाकर मंदिर बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे। इस घटना में भगवान राम की ऐतिहासिक मूर्तियाँ जल गईं।
यह मंदिर खंडवा के भामगढ़ में बना हुआ है। 500 साल पहले इसे यहाँ के भामगढ़ के राजा राव लखेम सिंह ने बनवाया था। जिस क्षेत्र में यह मंदिर है, वह मुस्लिम बहुल माना जाता है। आए दिन मंदिर के आसपास गंदगी आदि फैलाने को लेकर विवाद भी होते रहे हैं। शुरुआती जाँच में मंदिर के दीपक से आग लगने की बात कही जा रही है। हालाँकि प्रशासनिक जाँच जारी है।
आग लगने से पूर्व मंदिर में राम-सीता और लक्ष्मण की 2-2 मूर्तियाँ थीं। इन दुर्लभ मूर्तियों में राम और लक्ष्मण के चेहरे पर मूँछें थीं। फ़िलहाल ये सभी आग में जल गईं हैं। आग किन वजहों से लगी है, यह अज्ञात है। मंदिर के पुजारी सेतु पांडेय और स्थानीय लोगों ने आग की घटना को मुस्लिमों की ओर इशारा किया है।