ब्राउन यूनिवर्सिटी में हो रहे थे फाइनल एग्जाम, बाहर शुरू हो गई ताबड़तोड़ गोलीबारी: 2 की मौत-8 घयाल, FBI ने सील किया पूरा कैंपस

अमेरिका की प्रतिष्ठित आइवी लीग संस्था ब्राउन यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग भवन में शनिवार (13 दिसंबर 2025) को हुई गोलीबारी ने पूरे कैंपस में अफरा-तफरी मचा दी। प्रोविडेंस के मेयर ब्रेट स्माइली के अनुसार इस घटना में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वारदात यूनिवर्सिटी में फाइनल परीक्षाओं का दूसरे दिन हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और आसपास के क्षेत्र में ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ का आदेश लागू कर दिया गया।

परीक्षा के बीच हुई फायरिंग

गोलीबारी ब्राउन यूनिवर्सिटी के बारस और होली (Barus and Holley) भवन के पास हुई, जहाँ स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग और फिजिक्स विभाग स्थित हैं। सात मंजिला इस इमारत में 100 से ज्यादा लैब, कक्षाएँ और कार्यालय हैं।

घटना के समय इंजीनियरिंग डिजाइन की परीक्षाएँ चल रही थीं। फायरिंग के बाद पुलिस ने दो घंटे से ज्यादा समय तक कैंपस की इमारतों की तलाशी ली। डिप्टी पुलिस चीफ टिमोथी ओ हारा के मुताबिक संदिग्ध एक पुरुष है, जिसने काले कपड़े पहन रखे थे और उसे इमारत से बाहर निकलते हुए देखा गया था।

संदिग्ध अब भी फरार, छात्रों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील

शुरुआत में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सूचना दी थी कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, लेकिन बाद में कहा गया कि पुलिस अब भी संदिग्ध या संदिग्धों की तलाश कर रही है। मेयर स्माइली ने आसपास के निवासियों से अपील की कि वे घरों में ही रहें और जब तक क्षेत्र सुरक्षित घोषित न किया जाए, बाहर न निकलें।

बाद में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिसे शुरू में हिरासत में लिया गया था, उसका इस गोलीबारी से कोई संबंध नहीं है। छात्रों ने बताया कि आपात अलर्ट मिलने के बाद कई लोग लैब में मेजों के नीचे छिप गए और लाइटें बंद कर दीं।

ट्रंप ने व्यक्त की संवेदना, FBI भी जाँच में शामिल

घटना पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी प्रतिक्रिया दी। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी दी गई है।

वहीं उपराष्ट्रपति वेंस ने बताया कि संघीय एजेंसियाँ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर FBI पूरी मदद करेगी। प्रोविडेंस के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जाँच अभी शुरुआती चरण में है और लोग अफवाहों से बचें। फिलहाल पुलिस और FBI मिलकर इस भयावह घटना की जाँच में जुटी हुई हैं।