वेनेजुएला में अमेरिकी हवाई हमलों और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़े जाने के बाद देश में उथल-पुथल मची हुई है। इस बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला जाने वाले और वहाँ रह रहे भारतीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को सख्त हिदायत दी जाती है कि वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचें।”
उन्होंने आगे लिखा, “जो भी भारतीय नागरिक किसी भी कारण से इस समय वेनेजुएला में मौजूद हैं, उनसे आग्रह है कि वे अत्यधिक सावधानी बरतें, अपनी आवाजाही सीमित रखें और भारत के दूतावास, कराकास से लगातार संपर्क में रहें। इसके लिए वे दूतावास के ई-मेल पते ([email protected]) या आपातकालीन फोन नंबर +58-412-9584288 (वॉट्सऐप कॉल के लिए भी) का उपयोग कर सकते हैं।”
Advisory for Venezuela ⬇️
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) January 3, 2026
🔗 https://t.co/vz4hBkOhVx pic.twitter.com/hzJsL3WQBL
गौरतलब है कि शनिवार (3 जनवरी 2026) को सवेरे अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी कराकस पर हवाई हमले किए थे। इसके बाद अमेरिका की एलीट डेल्टा फोर्स ने राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को बेडरूम में घुसकर पकड़ लिया था। इसके बाद दोनों को अमेरिका लाया गया और अब वहीं दोनों के ऊपर कानूनी मुकदमा चलेगा।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर वेनेजुएला की विपक्ष की नेता और 2025 की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मरिया कोरीना मचादो की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। मचादो ने X पर बयान जारी करते हुए कहा, “वेनेजुएला के लोगों, आजादी का समय आ गया है। अब व्यवस्था बहाल करने और राजनीतिक कैदियों को रिहा करने का समय आ गया है।”

