मणिपुर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है, जहाँ दो दिनों में चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। ये कार्रवाई राज्य के अलग-अलग इलाकों में की गई, जिसमें स्थानीय पुलिस, सुरक्षा बलों और दिल्ली पुलिस ने मिलकर ऑपरेशन चलाया। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपित अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हुए थे और काफी समय से एजेंसियों की नजर में थे।
तेंगनौपाल जिले में शनिवार (4 अप्रैल 2026) को भारत-म्यांमार सीमा के पास यांगौबुंग गाँव के आसपास से दो उग्रवादियों को पकड़ा गया। उनकी पहचान थोखचोम इंगोचा सिंह और थोखचोम रघुनाथ मेइती के रूप में हुई है। इसके अलावा उसी दिन इम्फाल ईस्ट के पैलेस कंपाउंड इलाके से लैशराम इनाओटोम्बा सिंह को गिरफ्तार किया गया।
उसके अगले दिन भी अभियान जारी रहा और इम्फाल ईस्ट के संजेनबाम खुनौ इलाके से एक और उग्रवादी को उसके घर से पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से उग्रवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है, अब आरोपितों से पूछताछ कर उनके साथियों और फंडिंग की जानकारी जुटाई जा रही है।

