राजस्थान से तमिलनाडु वाया गोवा भेजे जा रहे ST समाज के मासूम, ईसाई मिशनरियाँ अपना रही तरह-तरह के हथकंडे: ट्रेन से धर्मांतरण गिरोह के 3 लोग गिरफ्तार, 7 बच्चे बरामद

राजस्थान में धर्मांतरण करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दरअलस गोवा रेलवे स्टेशन पर 7 से 12 साल के बीच के 5 लड़के और 2 लड़कियाँ पीठ पर बैग डाले इधर उधर देखते हुए दो-तीन लोगों के साथ जा रहे थे। बच्चों पर शक होने पर रेलवे पुलिस ने उन्हें रोका, तो बहुत बड़े साजिश का पता चला।

दरअसल इन बच्चों को ‘फ्री पढ़ाई’ का झाँसा देकर राजस्थान के उदयपुर से गोवा लाया गया था। यहाँ से तमिलनाडु ले जाया जा रहा था। इनके साथ 2 महिला समेत 3 लोग थे, जो ईसाई मिशनरी के थे। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। इनलोगों ने भोले भाले गरीब और जनजातीय बच्चों के माता-पिता को फ्री पढ़ाई और पालन-पोषण का लालच देकर इन्हें उदयपुर से पहले बस से अहमदाबाद और फिर ट्रेन से गोवा लेकर पहुँचे थे।

सभी बच्चे उदयपुर के झाड़ोल तहसील के अलग अलग गाँव के हैं और उनका धर्मांतरण कराया गया है। पूछताछ में इसका खुलासा हुआ है कि बच्चे उदयपुर में भी चर्च जाया करते थे। पुलिस इस मामले की जाँच कर रही है। पुलिस की जानकारी में आया है कि पहले भी उदयपुर से ही कम से कम 15 बच्चों को तमिलनाडु भेजा गया था।

गोवा में रेलवे पुलिस को किसी ने बच्चों की सूचना दी, जिसपर ये एक्टिव हुए और बच्चों को पकड़ा, जिसके बाद सारा राज खुला। इन बच्चों को कथित तौर पर ‘फ्री पढ़ाई’ ने नाम पर ईसाई मिशनरियों ने अपना शिकार बनाया था। इन बच्चों को एक बड़े नेटवर्क के माध्यम से फँसाया गया था। इनके परिवारवालों को बहला फुसला कर ये लोग धर्मांतरण के मकसद से वाया गोवा तमिलनाडु ले जा रहे थे। इन बच्चों को पहले से ही चर्च ले जाया जा रहा था।

बच्चे 15 जुलाई को उदयपुर से निकले थे। उदयपुर पुलिस और बाल कल्याण समिति बच्चों को उदयपुर वापस लेकर आए। बच्चों को वापस उदयपुर लाने के बाद पुलिस और प्रशासन बच्चों के माता-पिता तथा ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के दूसरे सदस्यों और मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके।

उदयपुर के सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और पूरे मामले की सीबीआई और एनआईए से जाँच कराने की मांग की है। अपने खत में सांसद रावत ने ईसाई मिशनरियों के नेटवर्क के होने की आशंका जताई है।