गोवा में जो सैलून चला रहे थे फरमान-नौशाद, उसके LED बोर्ड पर अचानक दिखने लगा- Pakistan जिंदाबाद: पुलिस ने 9 को दबोचा

गोवा में मंगलवार (4 नवंबर 2025) को एक हेयर कटिंग सैलून और एक वाइन स्टोर के बाहर लगे LED बोर्ड पर अचानक ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ नारे दिखाई देने लगे। इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले में पुलिस ने दोनों दुकानों के जुड़े 9 लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, सैलून उत्तर गोवा के बागा में और वाइन स्टोर अर्पोरा में है जहाँ LED बोर्ड पर ‘पाकिस्तान ज़िंदाबाद’ के नारे दिखे। कलंगुट और अंजुना पुलिस थानों की टीमों ने दोनों दुकानों को चलाने वाले लोगों को गिरफ्तार किया और LED बोर्ड को डिस्कनेक्ट कर दिया।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, पुलिस ने सभी बोर्डों को बंद करवा दिया है और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से सिस्टम की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में दो FIR दर्ज की गई है।

अंजुना पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के अनुसार, रात 9:50 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पाँच आरोपित रंचित भाटिया, विपिन पाहुजा, विनय चंद्र राव, कृष्णा लामानी और मनोज कुमार ने जानबूझकर अपने वाइन स्टोर पर लगे LED बोर्ड पर ‘पाकिस्तान ज़िंदाबाद’ का स्क्रॉलिंग टेक्स्ट दिखाया।

दूसरी एफआईआर में कहा गया है कि सैलून चलाने वाले मोहम्मद फरमान, नौशाद, मोहम्मद शावेज़ और राकेश दास ने रात 10:18 बजे जानबूझकर अपने सैलून के बाहर लगे LED डिस्प्ले बोर्ड पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लिखवाया।

हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह काम जानबूझकर किया गया था या फिर किसी ने दुकानों के LED सिस्टम को हैक किया था।

पुलिस के अनुसार, अगर ये काम जानबूझकर किया गया है तो इसे गंभीर अपराध माना जाएगा, वहीं अगर यह साइबर हैकिंग का मामला है तो इसमें तकनीकी सुरक्षा की बड़ी खामियों को उजागर किया जाएगा।