दर्जी बन ‘टारगेट किलिंग’ की साजिश रच रहा था अल-कायदा का आतंकी फैजान शेख, गुजरात ATS ने नवसारी से दबोचा: हथियार और गोला-बारूद बरामद

गुजरात एटीएस (ATS) ने नवसारी में छापेमारी कर आतंकी संगठन अल-कायदा और जैश-ए-मोहम्मद से प्रभावित 19 वर्षीय संदिग्ध फैजान शेख को गिरफ्तार किया है। मंगलवार (27 जनवरी 2026) को मिली जानकारी के अनुसार, फैजान उत्तर प्रदेश के रामपुर का रहने वाला है और नवसारी में दर्जी की आड़ में छिपकर रह रहा था।

एटीएस के मुताबिक, वह आतंकी विचारधारा से पूरी तरह रेडिकलाइज हो चुका था और उसने एक खास समुदाय के लोगों को निशाना बनाने के लिए अवैध हथियार और गोला-बारूद भी इकट्ठा कर लिए थे।

जाँच में सामने आया है कि फैजान शेख सरहद पार के आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था और दहशत फैलाने के लिए किसी बड़े हमले की फिराक में था। ATS अब उसके मोबाइल डेटा और संपर्कों की जाँच कर रही है ताकि गुजरात में सक्रिय अन्य ‘स्लीपर सेल्स’ का पता लगाया जा सके।

गौरतलब है कि पिछले साल भी ATS ने रसायनों और हथियारों के जरिए हमले की साजिश रचने वाले एक डॉक्टर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी ‘लोन वुल्फ अटैक’ के बढ़ते खतरे की ओर इशारा करती है।