भावनगर में NSUI अध्यक्ष अर्शमान खान बलोच साइबर फ्रॉड में गिरफ्तार, हवाला-दुबई से जुड़े तार: 20% कमीशन से कमाई करोड़ों की दौलत

गुजरात के भावनगर में NSUI जिलाध्यक्ष अर्शमान खान बलोच को अहमदाबाद के साइबर फ्रॉड केस में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला इतना बड़ा है कि हवाला के नेटवर्क की भी गहरी जाँच चल रही है। एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक फर्जी इन्वेस्टमेंट स्कीम के बहाने 47 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए गए थे। इसी जाँच के दौरान बलोच के नाम का खुलासा हुआ।

हवाला के पैसों पर 25% लेकर बैंक अकाउंट देता था बलोच

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंस्ट्रक्शन का धंधा चलाने वाले अर्शमान खान बलोच यूथ कॉन्ग्रेस का अध्यक्ष बनने की होड़ में भी हैं। अर्शमान खान बलोच साइबर ठगों को बैंक अकाउंट्स उपलब्ध करा रहा था, वो भी हवाला के पैसे जमा होने पर 25 फीसदी कमीशन लेकर। उसके पास जमीन-जायदाद की भरमार है, साथ ही लग्जरी कारों का कलेक्शन भी, जिसमें BMW, फॉर्च्यूनर, थार और इनोवा जैसी महँगी गाड़ियाँ शामिल हैं।

दुबई ट्रिप से चला फ्रॉड का खेल, क्रिप्टो में डालता था

सूत्रों का कहना है कि बलोच कुछ समय पहले दुबई गया था, वहाँ एक साइबर फ्रॉड गैंग से मिला। उसके बाद से वो इन ठगों की मदद करता रहा। जिसमें वो हवाला के पैसों को बैंक अकाउंट्स में जमा करवाता था। पैसे जमा होने के बाद वो पारंपरिक अंगड़िया सिस्टम के जरिए अलग-अलग लोगों से इकट्ठा कर लेता। इसमें से 25 % राशि वो अपनी जेब में डाल लेता और बाकी रकम क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेशी ठगों तक पहुँचा देता।

इन फर्जी अकाउंट्स से बलोच ने करोड़ों रुपए कमाए। अंगड़िया के जरिए ही उसे डेढ़ करोड़ रुपए का फ्रॉड माल मिला। इसी कमाई से उसने अपनी संपत्ति को और चमकाया।

बताया जा रहा है कि बलोच का नाम पहले भी दो पुरानी शिकायतों में आ चुका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की कोशिश में जुटी है। मामला और गहरा सकता है, क्योंकि हवाला का कनेक्शन इंटरनेशनल लेवल पर फैला हुआ लग रहा है।