गुजरात में दलित युवक का अपहरण कर बेरहमी से कत्ल, कुल्हाड़ी और पाइप से हमला कर उतारा मौत के घाट: 3 आरोपित गिरफ्तार

गुजरात के राजकोट में एक 32 साल के दलित युवक भावेश वनवी की खौफनाक तरीके से हत्या कर दी गई है। मंगलवार (17 मार्च) को पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों ‘रवि, सागर और गोपाल जोगराणा को गिरफ्तार कर लिया है।

इन दरिंदों ने कुल्हाड़ी और धारदार हथियारों से लैस होकर भावेश को घेरा और उसे तड़पा-तड़पा कर मार डाला। इस सनसनीखेज वारदात के बाद राजकोट में तनाव का माहौल है और अस्पताल के बाहर भारी हंगामा हुआ।

शिकायत की तो जान ले ली

यह हत्या पूरी तरह से रंजिश और बदले की भावना से की गई है। भावेश ने मुख्य आरोपित हमीर जोगराणा की गन्ने के रस की मशीन के खिलाफ नगर निगम में शिकायत की थी। इसी बात से चिढ़कर 15 मार्च की रात हमीर और उसके गुर्गों ने भावेश को रास्ते में रोका, उसका अपहरण किया और फिर उस पर टूट पड़े। लोहे के पाइप और कुल्हाड़ी से उसके सिर और हाथों को बुरी तरह कुचल दिया गया।

अस्पताल के बाहर फूटा गुस्सा

भावेश ने सोमवार को दम तोड़ दिया, जिसके बाद दलित समाज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। परिवार ने साफ कह दिया कि जब तक हत्यारे पकड़े नहीं जाएँगे, वे शव नहीं उठाएँगे।

अस्पताल के बाहर मचे हंगामे के बाद पुलिस हरकत में आई और तीन को दबोचा। पुलिस ने आरोपितों पर हत्या (BNS) और SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मुख्य आरोपित हमीर अब भी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।