प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (29 अप्रैल 2026) को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक, ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ का उद्घाटन किया। लगभग 36,230 करोड़ रुपए की लागत से बना यह एक्सप्रेसवे यूपी के बुनियादी ढांचे में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों, जातिवाद और अराजकता में फँसा हुआ था, लेकिन आज ‘डबल इंजन’ की सरकार ने इसे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश का हब बना दिया है।
CM योगी का प्रहार: ‘पहले माफिया समानांतर सरकार चलाते थे’
कार्यक्रम के दौरान CM योगी आदित्यनाथ ने पुरानी सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी में वंशवाद की राजनीति और माफियाओं का बोलबाला था। उस समय राज्य में कर्फ्यू और अव्यवस्था का माहौल रहता था, जहाँ माफिया अपनी समानांतर सत्ता चलाते थे।
ऐसे माहौल में कोई भी रोजगार या निवेश के बारे में सोच भी नहीं सकता था। योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हमने करीब 4 लाख किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाया है, जिसमें एक्सप्रेसवे और हाईवे का मजबूत नेटवर्क शामिल है।
गंगा एक्सप्रेसवे की खासियत: 12 जिलों से गुजरेगा
यह गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा है और फिलहाल 6 लेन का बनाया गया है (जिसे भविष्य में 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है)। यह यूपी के 12 जिलों को आपस में जोड़ता है, जिनमें मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहाँपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ से प्रयागराज की 10-12 घंटे की दूरी घटकर अब मात्र 6 घंटे रह जाएगी।
शाहजहाँपुर में बनेगी हवाई पट्टी और बनेंगे नए आर्थिक गलियारे
इस प्रोजेक्ट में सुरक्षा और सामरिक महत्व का भी ध्यान रखा गया है। शाहजहाँपुर जिले में 3.5 किलोमीटर लंबी एक एयरस्ट्रिप (हवाई पट्टी) बनाई गई है, जिसका इस्तेमाल आपातकाल के दौरान लड़ाकू विमानों की लैंडिंग के लिए किया जा सकेगा।
इसके अलावा, एक्सप्रेसवे के किनारे 12 जिलों में लगभग 2,635 हेक्टेयर जमीन पर मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स हब विकसित किए जाएँगे। इससे न केवल माल ढुलाई की लागत कम होगी, बल्कि सप्लाई चेन भी बेहतर होगी।
किसानों और युवाओं के लिए खुलेंगे प्रगति के द्वार
सरकार का मानना है कि गंगा एक्सप्रेसवे से यूपी की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाई मिलेगी। इससे किसानों को अपने उत्पाद सीधे बड़े शहरों और निर्यात बाजारों तक पहुँचाने में आसानी होगी, जिससे उनकी आय बढ़ेगी।
साथ ही, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लाखों की संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह एक्सप्रेसवे यूपी के दूसरे बड़े रास्तों जैसे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा, जिससे पूरे प्रदेश में तेज रफ्तार कनेक्टिविटी का एक ग्रिड तैयार हो जाएगा।
PM मोदी ने लगाया पौधा, CM योगी और पंकज चौधरी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने हरदोई में एक पौधा भी लगाया, जो पर्यावरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी और कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। CM योगी ने अंत में कहा कि दिसंबर 2021 में जब कोरोना काल चल रहा था, तब PM मोदी ने इसकी आधारशिला रखी थी और आज यह सपना जमीन पर हकीकत बन चुका है।

