सिर फूटा, जबड़े टूटे, हाथ हुआ फ्रैक्चर: नूंह में बकरीद की नमाज के बाद आपस में भिड़े शाहरुख-खुर्शीद, गर्भवती महिला समेत 12 घायल

हरियाणा के नूंह जिले में बकरीद की नमाज के बाद दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में एक गर्भवती महिला समेत करीब 12 लोग घायल हो गए।

सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गाँव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति पर काबू पाया और जाँच शुरू कर दी।

पुरानी दुश्मनी को लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्ष

घटना को लेकर एक पक्ष के शाहरुख ने आरोप लगाया कि उनका परिवार घर पर खाना खा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोग योजनाबद्ध तरीके से वहाँ पहुँचे और हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि पुरानी दुश्मनी के चलते उनके परिवार को निशाना बनाया गया।

इस हमले में उनके भाई को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पाँच महीने की गर्भवती भाभी भी घायल हो गईं। शाहरुख ने यह भी बताया कि बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों पर भी हमला किया गया।  

वहीं मौके पर मौजूद खुर्शीद ने बताया कि बकरीद की नमाज के बाद लोग जब अपने घर लौट रहे थे, तभी दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गया।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की जाँच

अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के अनुसार, 6 से 7 घायल इलाज के लिए लाए गए थे। घायलों के सिर, पेट, जबड़े और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें पाई गई हैं। एक व्यक्ति के हाथ में फ्रैक्चर भी था। गंभीर स्थिति को देखते हुए कई घायलों को मंडीखेड़ा अस्पताल और नलहड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जाँच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएँगे, उनके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गाँव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।