हरियाणा के सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से बड़ा हादसा, बचाव करते पुलिस इंस्पेक्टर की मौत: 13 लोग घायल, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जताया गहरा दुख

हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में शनिवार (07 फरवरी 2026) को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक बड़ा झूला अचानक टूट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई जबकि 13 लोग घायल हो गए।

घटना उस समय हुई जब झूले पर सवार लोग थे और आस-पास भारी भीड़ मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूला टूटते ही चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग झूले के मलबे में दब गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुँचे। बचाव कार्य के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

जिला उपायुक्त आयुष सिंह ने बताया कि हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की मौत हुई है। सभी घायलों को फरीदाबाद के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

मौके पर पुलिस कमिश्नर, जिला उपायुक्त सहित अन्य आलाधिकारी पहुँच गए। पुलिस ने घटनास्थल को बैरिकेट कर दिया और मेला ग्राउंड के उस हिस्से को खाली करा लिया। जाँच के आदेश दे दिए गए हैं।

यह इस मेले का दूसरा हादसा है। इससे पहले गेट गिरने से दो लोग घायल हो चुके थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित और तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों व उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है।”