एंबुलेंस से कर रहे थे गोवंश की तस्करी, हरियाणा पुलिस ने किया एनकाउंटर: हमास खान को पैर में गोली मार दबोचा, कारतूस-कट्टा भी मिले

हरियाणा के नूहं में मंगलवार (19 मई 2026) की सुबह पुलिस ने 3 गो तस्करों का उस समय एनकाउंटर कर दिया, जब वे एंबुलेंस में गोवंश लेकर जा रहे थे। एनकाउंटर में एक आरोपित हमास खान के पैर में गोली लगी है, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस की अपराध जाँच शाखा के प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह को गो तस्करों द्वारा गाड़ी में गोवंश ले जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस की एक टीम ने उनका पीछा किया। जैसे ही गो त्सकर नूहं-उटावड़ रोड पर जयसिंहपुर गांव के पास पहुँचे, पुलिस ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोकने की कोशिश की।

तभी आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपित हमास खान के पैर में गोली लगी। घायल हमास खान को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। वहीं मौके से फरार दो अन्य आरोपितों की सीसीटीवी फुटेज की मदद से तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मौके से एक देसी कट्टा, तीन खाली खोल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 4 गोवंश और एक ईको कार भी कब्जे में ली गई है।