हिमाचल में 12 साल के मुस्लिम लड़के ने मंदिर में लगाई आग, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से बचाया प्राचीन ‘जालपा माता मंदिर’: हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक 12 वर्षीय मुस्लिम लड़के द्वारा प्राचीन जालपा माता मंदिर में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार (6 मार्च 2026) की रात लड़के ने मंदिर में आग लगा दी थी जिसके बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

ग्रामीणों ने दावा किया है कि अगर वे समय से मंदिर में ना पहुँचते तो आग पूरे मंदिर को अपनी चपेट में ले लेती। पुलिस ने शुरुआती जाँच के बाद शनिवार को आरोपित नाबालिग और उसके परिजनों को पूछताछ के लिए थाने में तलब किया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जाँच आगे बढ़ाई जा रही है।

इस घटना के बाद कलियूं गाँव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न हिंदू संगठनों में भी इस घटना को लेकर गुस्सा देखा जा रहा है। बजरंग दल सहित कई संगठनों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कड़ी कार्रवाई की माँग की है।

शनिवार (7 मार्च 2026) को बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता चंबा पुलिस थाने पहुँचे और घटना के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। संगठनों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली इस घटना के पीछे के कारणों की गहन जाँच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस पूरे मामले पर चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने कहा कि जालपा माता मंदिर में आग लगाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जाँच कर रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की गई है।