लगातार दूसरी बार असम के CM बनेंगे हिमंता बिस्वा सरमा, चुने गए BJP विधायक दल के नेता: 12 मई को लेंगे शपथ

असम विधानसभा चुनावों में मिली बड़ी जीत के बाद राज्य में एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने जा रही है। बीजेपी विधायक दल और NDA विधायक दल की बैठक में हिमंता को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही उनका लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है।

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई 2026 को गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में हिमंता बिस्वा सरमा के नाम पर मुहर लगी।

इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर नई सरकार के गठन का रास्ता साफ किया था। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए नई सरकार के गठन तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा था।

हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी ने चुनाव में विकास, बुनियादी ढाँचे और कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाया था। अब दूसरी बार सत्ता में वापसी के बाद पार्टी राज्य में अपने विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।