हिंदू छात्रा को भगा ले गया फैजान फारुखी, माँ बोली- स्कूल के बाहर आकर करता था परेशान: नैनीताल में केस दर्ज

उत्तराखंड के नैनीताल में मल्लीताल क्षेत्र से एक 19 वर्षीय हिन्दू युवती के लापता होने का गंभीर मामला सामने आया है। युवती के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए रामपुर, स्वार निवासी फैजान फारुखी नामक मुस्लिम युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।

परिजनों द्वारा मल्लीताल कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी 19 वर्षीय बेटी 2 नवंबर से घर से लापता है। लापता युवती की माँ ने पुलिस को बताया कि फैजान फारुखी पहले से उनकी बेटी के संपर्क में था और अक्सर अपनी बाइक से नैनीताल आकर स्कूल के बाहर उससे मिलता था। परिजनों ने आशंका जताई है कि फैजान फारुखी ही उसे अपने साथ ले गया है।

शिकायतकर्ता महिला का यह भी कहना है कि जब उन्होंने आरोपित युवक के भाई से संपर्क किया तो उसने मामले की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। माँ ने आरोप लगाया कि मुस्लिम युवक का परिवार भी इस घटना में शामिल हो सकता है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। मल्लीताल पुलिस ने तहरीर के आधार पर, मूल रूप से स्वार और वर्तमान में मल्लीताल निवासी फैजान फारुखी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए जाँच शुरू कर दी है और जल्द से जल्द युवती को बरामद करने की बात कही है।