कर्नाटक के कोप्पल जिले में एक हिंदू युवक को सिर्फ एक मुस्लिम महिला की मदद करने की वजह से मुस्लिम भीड़ की हिंसा का शिकार होना पड़ा। पीड़ित युवक का नाम वेंकटेश है और वह पड़ोसी मुस्लिम परिवार के घरेलू विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, वेंकटेश और अजीज का परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। हाल ही में अजीज और उसकी बीवी आफिया के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद आफिया बच्चों के साथ घर छोड़कर चली गई। परिवार को टूटने से बचाने के इरादे से अजीज ने ही वेंकटेश से मदद माँगी थी।
इसी के तहत वेंकटेश आफिया और बच्चों को बस स्टैंड से वापस लाने गया था। लेकिन वहाँ कुछ मुस्लिम युवकों ने वेंकटेश को महिला और बच्चों के साथ देखकर बिना सच्चाई जाने गलतफहमी पाल ली। महिला के साथ गलत संबंध का हवाला देते हुए उन्होंने वेंकटेश को बेरहमी से पीटा। हमले के दौरान उसका मोबाइल फोन और नकदी भी छीन ली गई।
कोप्पल के पुलिस अधीक्षक राम एल. अरासिद्धि ने बताया कि डकैती और अपहरण की धाराओं में केस दर्ज करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वेंकटेश किसी भी तरह के गैरकानूनी कृत्य में शामिल नहीं था और वह सिर्फ मदद के लिए वहाँ गया था।

