दिल्ली में लाल किला के पास हुए आतंकी धमाके को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। अमित शाह ने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को पाताल से भी ढूँढ निकालेंगे। पहलगाम हमले के बाद भी सरकार ने दोषियों को पाताल से खोजकर सजा देने की बात कही थी और फिर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया गया था।
फरीदाबाद में नॉर्थल जोनल काउंसिल (NZC) की बैठक के दौरान अमित शाह ने कहा, “दिल्ली में जिन भी लोगों ने बम धमाके को अंजाम दिया था, उन्हें हम पाताल से भी ढूँढ निकालेंगे।” अमित शाह ने आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद को जड़ से खत्म करना सरकार की सामूहिक प्रतिबद्धता है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली आतंकी ब्लास्ट में 15 लोगों की मौत हुई और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। जाँच एजेंसियाँ लगातार दोषियों को पकड़ने में जुटी हुई हैं। ब्लास्ट में फिदायीन उमर नबी के कई सहयोगी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल के कई व्हाइट कॉलर आतंकी का भी इससे कनेक्शन सामने आया है।

