जलती चिता से उपले उठा सुलगाया हुक्का, आरिफ- मोइन-अभिषेक-विनीत की हरकत का वीडियो वायरल: एक गिरफ्तार, यूपी के हापुड़ का मामला

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शर्मसार करने वाली हरकत सामने आई है। यहाँ आरिफ, मोइन, अभिषेक और विनीत पर श्मशान घाट पर जलती चिता की आग से हुक्का सुलगाने का आरोप है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गाँव की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार (10 अप्रैल 2026) को गाँव की 75 वर्षीय मुन्नी देवी का अंतिम संस्कार किया गया था। परिजन मुखाग्नि देने के बाद श्मशान घाट से लौट गए, लेकिन चिता अभी जल रही थी। इसी दौरान चारों युवक वहाँ पहुँचे।

एक ने एक छड़ी की मदद से चिता से जलते उपले निकालकर हुक्का भरना शुरू कर दिया, जबकि उसके दोस्त इस पूरी हरकत का वीडियो बनाते रहे। वीडियो वायरल होते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने इसे असम्मानजनक बताते हुए सख्त कार्रवाई की माँग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जाँच के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।