आधार कार्ड में नाम, पता या बायोमेट्रिक अपडेट करवाने में आता है कितना खर्च? सरकार ने बताई पूरी फीस

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड (Aadhar Card) के अपडेट (Update) से जुड़ी सेवाओं की फीस को लेकर जानकारी शेयर की है। प्राधिकरण ने आधिकारिक X हैंडल पर शेयर किए गए संदेश में नागरिकों को सलाह दी है कि आधार सेवाओं का लाभ लेने से पहले तय शुल्क जरूर जाँच लें ताकि किसी भी ऑपरेटर को अतिरिक्त पैसे देने से बचा जा सके।

UIDAI के अनुसार, आधार नामांकन (Enrollment) पूरी तरह मुफ्त है। यानी नया आधार कार्ड बनवाने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। वहीं, बायोमेट्रिक अपडेट (Biometric Update) जिसमें फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो अपडेट शामिल हैं के लिए ₹125 शुल्क निर्धारित किया गया है। हालाँकि, 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक मुफ्त रखा गया है।

इसके अलावा, डेमोग्राफिक अपडेट (Demographic Update) जैसे नाम, लिंग, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी में बदलाव के लिए ₹75 शुल्क तय किया गया है। डॉक्यूमेंट अपडेट (Document Update) के तहत पहचान और पते के प्रमाण जमा करने पर आधार केंद्र पर ₹75 शुल्क देना होगा। हालाँकि, यदि यही काम myAadhaar पोर्टल के जरिए ऑनलाइन किया जाता है, तो यह सुविधा 14 जून 2026 तक मुफ्त उपलब्ध है।

UIDAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी शुल्क लागू टैक्स सहित हैं। ऐसे में किसी भी नागरिक को निर्धारित दाम से ज्यादा पैसा नहीं देना चाहिए। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत आधार केंद्रों पर ही सेवाएँ लें और शुल्क को लेकर सतर्क रहें।