‘अगर ये राष्ट्रपिता हैं तो मैं B@$t@rd हूँ’: MK गाँधी पर एक्टर श्रीकांत भरत की वीडियो देख भड़के कॉन्ग्रेसी, हैदराबाद में केस दर्ज

हैदराबाद की साइबर क्राइम पुलिस ने अभिनेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रीकांत कृष्णास्वामी अयंगर (श्रीकांत भारत) के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने महात्मा गाँधी के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ कीं। वायरल वीडियो में अयंगर ने कहा है कि गाँधी को ‘राष्ट्रपिता’ कहना ‘सभी का अपमान’ है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉन्ग्रेस MLC वेंकट बालमूर ने शुक्रवार (10 अक्टूबर 2025) की शाम हैदराबाद साइबर क्राइम यूनिट में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि श्रीकांत ने 2 अक्टूबर 2025 को फुकेत से एक सेल्फी वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने महात्मा गाँधी के बारे में अपमानजनक बातें कही थीं और उन लोगों का मजाक उड़ाया था जो गाँधी जयंती पर शराब नहीं पीते।

इसके अलावा, उन्होंने फेसबुक पर एक और वीडियो में महात्मा गाँधी के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। बालमूर ने कहा कि ये टिप्पणियाँ अस्वीकार्य हैं और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकती हैं। इतना ही नहीं श्रीकांत ने नाथूराम गोडसे की तारीफ करते हुए उसकी तुलना एक ‘एंटीबायोटिक’ से की, जिसने एक ‘परजीवी’ को खत्म कर दिया। इस भाषा को कई लोगों ने आपत्तिजनक और भड़काऊ कहा है।

पुलिस ने इस मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें नोटिस भेजे जाएँगे और जाँच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।