हैदराबाद से कुवैत जा रही इंडिगो की फ्लाइट को मंगलवार (2 दिसंबर 2025) सुबह मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट में बम होने की धमकी वाला ईमेल मिला था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियाँ तुरंत हरकत में आ गईं।
फ्लाइट ने हैदराबाद से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के बाद ही एयरपोर्ट को धमकी भरा ईमेल मिला। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट कर दिया। विमान मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
फ्लाइट को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में भेज दिया गया है। बम डिस्पोजल स्क्वायड, CISF और अन्य सुरक्षा टीमें विमान की गहन जाँच कर रही हैं। यह धमकी ‘मानव बम‘ होने के बारे में एक विस्तृत ईमेल के जरिए मिली थी।
जाँच जारी, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
अधिकारियों ने बताया कि अब तक की शुरुआती जाँच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियाँ ईमेल भेजने वाले और मामले की आगे की जाँच कर रही हैं।

