मुस्लिम युवकों ने ‘I Love Muhammad’ लिख हथियारों के साथ इंस्टा पर डाली पोस्ट, हिंदुओं के खिलाफ लिखीं आपत्तिजनक बातें: हरियाणा पुलिस ने दर्ज किया केस

उत्तर प्रदेश के बाद अब हरियाणा के यमुनानगर जिले में भी ‘I Love Muhammad’ पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यह मामला बुढ़िया थाना क्षेत्र के अमादलपुर गाँव का है। स्थानीय हिंदुओं की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, मामला बुढ़िया थाना क्षेत्र के अमादलपुर गाँव का है। यहाँ के तीन मुस्लिम युवकों ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली, जिसमें वे हथियारों के साथ नजर आ रहे थे और पोस्ट पर ‘I Love Muhammad’ लिखा था। इसके अलावा उन्होंने पोस्ट में हिंदू समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक बातें भी लिखीं।

जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, इलाके में तनाव फैल गया और हिंदू समुदाय के लोगों ने गुस्से में थाने के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे करीब दो घंटे तक बुढ़िया थाने के बाहर बैठे रहे लेकिन पुलिस ने तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की। इसके विरोध में लोगों ने थाने के गेट पर बैठकर नारेबाजी की।

मौके पर पहुँचे DSP राजीव मिगलानी ने लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद गाँव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। हालाँकि जब तक पुलिस गाँव पहुँची तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। पुलिस ने अब इस मामले में FIR दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।