‘जो TMC के साथ नहीं, वह बंगाली नहीं’: महुआ मोइत्रा का विवादित बयान, चुनाव से पहले गरमाई सियासत

तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने एक विवादित बयान दिया है। शुक्रवार (6 मार्च 2026) को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि जो लोग तृणमूल कॉन्ग्रेस का समर्थन नहीं करते, उन्हें बंगाली नहीं माना जा सकता।

विधानसभा चुनाव के ठीक पहले आए इस बयान को ‘पहचान की राजनीति’ से जोड़कर देखा जा रहा है, जिस पर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। महुआ मोइत्रा का यह बयान उस समय आया जब वे राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ धरने पर बैठी थीं।

महुआ मोइत्रा ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, “मैं सभी से कह रही हूँ कि अगर आप TMC का समर्थन नहीं करते, तो आप बंगाली नहीं हो सकते।” इतना ही नहीं, उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि पार्टी का साथ न देने वालों को खुद को बंगाली कहने का कोई अधिकार ही नहीं है।

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि महुआ मोइत्रा ने यह बयान बंगाली अस्मिता का कार्ड खेलकर वोटरों को एकजुट करने के लिए दिया है। गौरतलब है कि 2021 के चुनाव में भी ममता बनर्जी पर जातीय पहचान के आधार पर वोट माँगने और गैर-बंगालियों को लेकर विवादित टिप्पणी करने के आरोप लगे थे।