पाकिस्तानी सरकार से इमरान खान के परिवार ने माँगा जिंदा होने का सबूत, सेहत पर रहस्य गहराया: सांसद का दावा- पूर्व PM जिंदा हैं

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के परिवार ने जेल प्रशासन से यह साबित करने की माँग की है कि वह जिंदा और ठीक हैं। यह माँग तब उठी है जब हफ्तों से उन्हें किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा और सोशल मीडिया पर उनकी हालत को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं।

इमरान खान के बेटे कासिम खान ने बताया कि उनके अब्बू को कई हफ्तों से पूरी तरह अकेले एक ‘डेथ सेल’ में रखा गया है। उन्होंने कहा कि परिवार या वकील, किसी को भी उनसे मिलने या बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही।

कासिम ने कहा, “यह अँधेरा किसी सुरक्षा प्रोटोकॉल का हिस्सा नहीं है। अगर मेरे पिता को कुछ हुआ तो पाकिस्तानी सरकार और उसके पीछे मौजूद ताकतें इसकी कानूनी और नैतिक जिम्मेदार होंगी।”

इसी बीच पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) नेता खुर्रम जीशान ने इमरान खान की मौत से जुड़ी अफवाहों को सख्ती से खारिज करते हुए कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री जीवित हैं और अडियाला जेल में ही हैं।

जीशान के अनुसार, इमरान खान को जानबूझकर अलग-थलग रखा जा रहा है ताकि उन पर दबाव बनाया जा सके और उन्हें पाकिस्तान छोड़ने या चुप रहने के लिए मजबूर किया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को हाल ही में आधिकारिक स्रोतों से आश्वासन मिला है कि इमरान खान सुरक्षित हैं, लेकिन उनके साथ इस तरह का व्यवहार बेहद चिंताजनक और संदिग्ध है।