पाकिस्तान में पुलिस ने इमरान खान की बहनों से की बदसलूकी, सड़कों पर घसीटकर की गई मारपीट

पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहनों अलीमा, उजमा और नौरीन खान के साथ बीच सड़क पर पुलिस ने बदसूली की है। रावलपिंडी स्थित अदियाला जेल के बाहर इमरान खान की बहन नौरीन को हिरासत में लेने से पहले सड़क पर घसीटा भी गया। इमरान खान की बहनों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें वह डरी-सहमी नजर आ रही हैं।

इमरान खान की बहनें अलीमा खान, डॉ. उजमा खान और नौरीन खान PTI के संस्थापक और अपने भाई से मिलने अदियाला जेल पहुँची थीं। हालाँकि, मुलाकात की अनुमति न देकर पुलिस ने उन्हें वहाँ से हटाने की कोशिश की। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और नौरीन खान के साथ मारपीट की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक महिला पुलिसकर्मी ने नौरीन को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और फिर सड़क पर घसीटा। खुद नौरीन खान ने कहा है, “मैं बिल्कुल सामान्य रूप से खड़ी थी। अचानक एक बहुत भारी-भरकम पुलिसवाली आई और मुझे पकड़कर नीचे फेंक दिया। बाजू और पैरों से घसीटा गया। यह पुलिस की दरिंदगी है। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि वे इस हद तक गिर सकते हैं।”

PTI ने X पर पोस्ट करके पुलिस पर ‘क्रूर और अमानवीय’ व्यवहार का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि तीनों बहनें जेल के बाहर शांतिपूर्वक बैठी थीं, तभी अचानक पुलिस ने उन्हें जबरन उठाना शुरू कर दिया। PTI ने यह भी आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में महिलाओं के साथ-साथ पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी निशाने पर आए।

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, जेल प्रशासन ने यह कहकर इमरान खान की बहनों की मुलाकात को रोक दिया कि साप्ताहिक मुलाकात का समय तय है और वही नियम लागू होंगे। PTI का कहना है कि यह सिर्फ एक बहाना है और सरकार राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है।

मानवाधिकार संगठनों ने भी इस घटना पर चिंता जताई है, यह कहते हुए कि इमरान खान पहले से ही एकांत जेल में हैं और परिवार से मिलने पर रोक अनुचित और अमानवीय है। PTI इस मुद्दे को अब बड़े आंदोलन का रूप देने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह घटना ‘राजनीतिक आतंकवाद’ का हिस्सा है और इससे वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।