बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की प्रमुख खालिदा जिया के निधन के बाद पूरे देश में शोक है। बुधवार (31 दिसंबर 2025) को उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जा रहा है, जिसमें शामिल होने के लिए कई देशों के प्रतिनिधि ढाका पहुँचे हैं। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर गए हैं।
ढाका पहुँचते ही एस जयशंकर ने खालिदा जिया के बेटे और BNP के शीर्ष नेता तारिक रहमान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजा गया शोक संदेश (लेटर ऑफ कंडोलेंस) तारिक रहमान को सौंपा। इस मुलाकात में तारिक रहमान की बेटी जायमा रहमान भी मौजूद रहीं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मुलाकात की जानकारी देते हुए लिखा, “भारत सरकार और भारत की जनता की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की। विश्वास व्यक्त किया कि बेगम खालिदा जिया की दूरदृष्टि और मूल्य हमारी साझेदारी के विकास में मार्गदर्शक बनेंगे।”
On arrival in Dhaka, met with Mr Tarique Rahman @trahmanbnp, Acting Chairman of BNP and son of former PM of Bangladesh Begum Khaleda Zia.
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) December 31, 2025
Handed over to him a personal letter from Prime Minister @narendramodi.
Conveyed deepest condolences on behalf of the Government and… pic.twitter.com/xXNwJsRTmZ
तारिक रहमान हाल ही में 17 साल बाद बांग्लादेश लौटे हैं और फरवरी में होने वाले आम चुनाव में हिस्सा लेने जा रहे हैं। वह बांग्लादेश में आगामी चुनावों में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार माने जा रहे हैं। तारिक ने हाल ही में BNP की कमान संभाली है।
बता दें कि बांग्लादेश में शेख हसीना के तख्तापलट के बाद भारत के किसी बड़े अधिकारी का यह पहला बांग्लादेश दौरा है। तख्तापलट के बाद से ही बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार जारी है। हाल ही में इस्लामी कट्टरपंथी उस्मान हादी की मौत के बाद हिंदुओं के खिलाफ यह हिंसा चरम पर है।

