भारत ने चीन से सस्ते स्टील के आयात को रोकने के लिए कुछ स्टील उत्पादों पर 11 से 12 प्रतिशत की तीन साल के लिए आयात शुल्क लगाई है। यह शुल्क पहले साल 12 प्रतिशत, दूसरे साल 11.5 प्रतिशत और तीसरे साल 11 प्रतिशत होगा। यह फैसला घरेलू स्टील उद्योग को बचाने के लिए लिया गया है, जो सस्ते आयात से नुकसान उठा रहा था।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारत का यह फैसला चीन, वियतनाम और नेपाल पर लागू होगा। वहीं कुछ डेवलपिंग देशों से होने वाले आयात पर यह टैरिफ लागू नहीं होगा। फैसला लेने की वजह है कि डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ ट्रेड रेमेडीज (DGTR) ने अपनी जाँच में पाया कि स्टील आयात में अचानक और तेज वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय इंडस्ट्री को नुकसान पहुँच रहा है। इससे पहले भारत ने 12 प्रतिशत का 200 दिनों का अस्थायी टैरिफ लगाया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा कच्चे स्टील का उत्पादक है, जो चीन से कम कीमत वाले स्टील के आयात में आई तेजी से जूझ रहा है। इससे भारत की डंपिंग विरोधी चिंताओं को बढ़ा दिया है और घरेलू स्टील निर्माताओं पर दबाव डाला है।

