भारत की BRICS में मौजूदगी को लेकर ग्लोबल सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे को विदेश मंत्रालय (MEA) ने नकार दिया है। विदेश मंत्रालय ने इस दावे को झूठा और निराधार बताया है। यह दावा करने वालों में सबसे ज्यादा पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स शामिल थे, जिनका यह झूठा दावा भारतीय विदेश मंत्रालय के बयान के बाद धरा का धऱा रह गया है।
बुधवार (29 अप्रैल 2026) को सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर विदेश मंत्रालय ने ‘फर्जी न्यूज अलर्ट’ जारी करते हुए लिखा, “प्लीज सोशल मीडिया पर इस तरह के झूठे और निराधार दावों और पोस्टों के प्रति सतर्क रहें।”
Fake News Alert!
— MEA FactCheck (@MEAFactCheck) April 29, 2026
Please stay alert against such false and baseless claims and posts on social media. pic.twitter.com/iw8fvClgZd
क्या था भारत से जुड़ा भ्रामक दावा?
दरअसल, पाकिस्तानी और ईरान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर यह दावा किया गया कि भारत ने BRICS से खुद को अलग कर लिया है। और आगे यह भी कहा जा रहा है कि ऐसे में BRICS भारत की जगह पाकिस्तान को शामिल कर लेगा। कुछ अकाउंट्स में दावा किया गया कि भारत ने BRICS देशों ने उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है, जिसमें व्यापार के लिए अमेरिकी डॉलर के बजाए स्थानीय मुद्राओं को इस्तेमाल करने की बात कही गई थी। इसके साथ ही पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि पीएम नरेंद्र मोदी का रुख इजरायल के पक्ष में है।
इन भ्रामक खबरों की पोस्ट वायरल होने के बाद विदेश मंत्रालय के फैक्टचेक अकाउंट ने इसे फर्जी करार दिया। साथ ही विदेश मंत्रालय ने लोगों को सोशल मीडिया पर ऐसे झूठे और बेबुनियाद दावों और पोस्ट से सावधान रहने की भी सलाह दी।

