भारत 1 जनवरी 2026 से BRICS (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) समूह की अध्यक्षता संभालने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने इसके लिए व्यापक और भव्य तैयारी शुरू कर दी है। सरकार का उद्देश्य BRICS की अध्यक्षता के दौरान भारत की वैश्विक छवि को और मजबूत बनाना और ‘न्यू इंडिया’ की ताकत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।
न्यूज 18 सीएनएन के अनुसार, BRICS की सभी बैठकों का आयोजन भारत के 28 राज्यों और 9 केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 60 शहरों में किया जाएगा। इसका लक्ष्य ‘वन इंडिया, वन BRICS’ की भावना के तहत पूरे देश में एकजुटता और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करना है, ठीक उसी तरह जैसे भारत ने G20 अध्यक्षता के दौरान किया था।
भारत की BRICS अध्यक्षता के लिए एक विशेष थीम सॉन्ग तैयार किया जाएगा, जो लगभग 3 से 4 मिनट का होगा। इसे भारतीय संगीतकार द्वारा तैयार करने की योजना है, जिसे विश्व संगीत और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शन का अनुभव हो। यह गीत BRICS देशों के बीच एकता, सहयोग और भारत की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाएगा।
जनभागीदारी और उत्सवों में BRICS थीम
BRICS के प्रचार-प्रसार के लिए मोदी सरकार देशभर में कई जनसहभागिता कार्यक्रम चलाएगी। इन कार्यक्रमों में BRICS-थीम वाले पतंग उत्सव, दिवाली पर पर्यावरण अनुकूल दीयों से BRICS लोगो की प्रस्तुति और विभिन्न शहरों में होलोग्राफिक डिस्प्ले शामिल होंगे।
इसके अलावा, गणतंत्र दिवस की झांकी में भी BRICS थीम को शामिल करने की योजना है। राज्य स्तरीय आयोजनों जैसे केरल बोट फेस्टिवल, ओडिशा का इंटरनेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल और गोवा कार्निवल में भी BRICS ब्रांडिंग की जाएगी।
सरकार सार्वजनिक परिवहन जैसे मेट्रो, राज्य परिवहन बसों और रेलवे पर भी BRICS लोगो प्रदर्शित करेगी। साथ ही, ड्रोन स्वार्म शो और फूड फेस्टिवल्स में BRICS देशों के व्यंजनों को पेश किया जाएगा।

