पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों से न घबराए लोग: BPCL-HPCL का बयान- देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार, पेट्रोल पंपों पर न लगाएँ भीड़

सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर इन दिनों देश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इन खबरों के कारण कुछ शहरों में लोगों के बीच घबराहट देखी जा रही है और कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगने लगी हैं। हालाँकि, सरकारी तेल कंपनियों ने साफ कर दिया है कि भारत में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य तरीके से जारी है।

तेल कंपनियों ने अफवाहों को बताया गलत

भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा है कि पेट्रोल और डीजल की कमी से जुड़ी खबरें पूरी तरह से गलत हैं। कंपनियों के अनुसार देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई चेन सामान्य तरीके से काम कर रही है।

कंपनियों ने बताया कि भारत में पेट्रोलियम उत्पादों का स्टॉक नियमित रूप से मेंटेन किया जाता है, ताकि किसी भी संभावित संकट की स्थिति में भी आपूर्ति प्रभावित न हो। BPCL ने कहा है कि कंपनी पूरी तरह सेसामान्य रूप से चल रही है और देशभर में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

तेल कंपनियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच बढ़ी चिंता

दरअसल हाल के दिनों में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया है। इस क्षेत्र से होकर गुजरने वाला होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है।

इसी पृष्ठभूमि में सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैलने लगी कि भारत में पेट्रोल और डीजल की कमी हो सकती है। हालाँकि तेल कंपनियों और विशेषज्ञों का कहना है कि भारत की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था मजबूत है और जरूरत के मुताबिक आयात और भंडारण की पूरी व्यवस्था पहले से मौजूद है।

कंपनियों ने लोगों से खास तौर पर अपील की है कि घबराकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएँ। जब बड़ी संख्या में लोग एक साथ जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने लगते हैं, तो वहाँ अस्थायी रूप से कमी जैसी स्थिति बन सकती है। तेल कंपनियों के मुताबिक फिलहाल देश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है, इसलिए आम लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।