PM मोदी से फोन पर बात के बाद ट्रंप ने किया बड़ा ऐलान, भारत को देना होगा अब सिर्फ 18% ‘रेसिप्रोकल’ टैक्स: ट्रेड डील को मिली हरी झंडी, ‘मेड इन इंडिया’ सामानों पर भी राहत

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चली आ रही व्यापारिक तनातनी अब खत्म हो गई है। सोमवार (2 फरवरी 2026) को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद दोनों देश एक ‘ट्रेड डील’ पर सहमत हो गए हैं।

इस समझौते के तहत, अमेरिका भारतीय सामानों पर लगने वाले ‘रेसिप्रोकल’ टैक्स (Reciprocal Tariff) को 25% से घटाकर 18% कर देगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इसे पीएम मोदी के साथ अपनी दोस्ती और सम्मान का नतीजा बताया है।

क्या है पूरी डील और किसे होगा फायदा?

ट्रंप के मुताबिक, यह समझौता तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। इसके बदले में भारत भी अमेरिकी सामानों के लिए अपने बाजार खोलेगा और टैरिफ कम करेगा। ट्रंप ने दावा किया कि भारत अमेरिका से करीब 500 अरब डॉलर का सामान खरीदेगा, जिसमें ऊर्जा (Energy), तकनीक, खेती और कोयला शामिल है।

इस फैसले से भारत के कपड़ा (Textiles), जेम्स एंड ज्वेलरी, लेदर और इंजीनियरिंग सामान जैसे सेक्टर को बड़ी राहत मिलेगी क्योंकि अब उनके लिए अमेरिकी बाज़ार में मुकाबला करना सस्ता और आसान हो जाएगा।

रूसी तेल और पेनाल्टी टैक्स पर बड़ी अपडेट

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अमेरिका ने वह 25% अतिरिक्त पेनाल्टी टैक्स भी हटाने का फैसला किया है, जो भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने की वजह से लगाया गया था। व्हाइट हाउस के सूत्रों के मुताबिक, भारत अब रूस से कच्चा तेल खरीदना बंद करेगा और इसकी जगह अमेरिका या वेनेजुएला से तेल खरीदेगा। इस तरह अब भारतीय सामानों पर कुल प्रभावी टैक्स 50% से घटकर सिर्फ 18% रह जाएगा, जो भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक जीत है।

पीएम मोदी और मंत्रियों ने जताई खुशी

प्रधानमंत्री मोदी ने इस फैसले के लिए अपने ‘खास दोस्त’ ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है। पीएम मोदी ने लिखा, “आज अपने प्यारे दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। खुशी है कि अब ‘मेड इन इंडिया’ प्रोडक्ट्स पर टैरिफ 18% कम हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद। जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएँ और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को फायदा होता है और आपसी फायदे वाले सहयोग के लिए अपार अवसर खुलते हैं। वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बहुत जरूरी है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है। मैं अपनी साझेदारी को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूँ।”

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इसे दोनों देशों की अर्थव्यवस्था के लिए ‘बूस्टर’ बताया है। वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत कई बड़े नेताओं ने इसे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान और भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने वाला ऐतिहासिक कदम करार दिया है।